नई सुविधाओं के साथ अमरकंटक के प्राकृतिक स्वरूप को वापस लाने हेतु किया जाएगा संगठित प्रयास-श्री पटेल
माँ नर्मदा स्वच्छता श्रमदान अभियान में हुए शामिल, विष्व पर्यावरण दिवस पर किये वृक्षारोपण

रिपोर्टर@देवानंद विश्वकर्मा
अनूपपुर। भारत सरकार संस्कृति एवं पर्यटन केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रह्लाद पटेल ने आज अमरकंटक की प्राकृतिक भव्यता को पुनर्जीवित करने के साथ साथ क्षेत्र में धार्मिक, आध्यात्मिक, प्राकृतिक एवं एडवेंचर पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु चर्चा की। श्री पटेल द्वारा अमरकंटक क्षेत्र के धार्मिक गुरुओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से वृहद चर्चा उपरांत अमरकंटक के विकास की समग्र कार्ययोजना पर निर्णय लिए गए। इस दौरान आपने इस बात पर जोर दिया कि विभिन्न विकास कार्य इस तर्ज पर हों कि अमरकंटक की नैसर्गिक जलवायु, वनस्पति एवं अन्य भौतिक कारकों में किसी भी प्रकार का प्रतिकूल असर न हो। अमरकंटक के विकास के कई घटकों में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग की प्रसाद योजना एवं स्वदेश दर्शन योजना के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही आपने अमरकंटक में मिनी स्मार्ट सिटी योजना अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की एवं आगामी कार्ययोजना में दोनो योजनाओं के बेहतर सामंजस्य के साथ शीघ्र डीपीआर बनाने के निर्देश दिए। धार्मिक गुरुओं द्वारा परिक्रमा पथ, जल संरक्षण, माँ नर्मदा नदी के बेड की सफाई एवं धार्मिक पर्यटकों विशेषकर परिक्रमावासियों के लिए आश्रय स्थल की व्यवस्था की बात कही गयी। जिस पर श्री पटेल ने उक्त विषयों को अमरकंटक विकास कार्ययोजना में शामिल करने की बात कही। चर्चा उपरांत यह बात सामने आई कि क्षेत्र में 3 वृहद आश्रय स्थल की आवश्यकता है। जल संरक्षण के लिए आपने नर्मदा नदी में बने सभी स्टॉप/चेक डैम के जीर्णोधार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नर्मदा नदी से गाद हटाने हेतु भी आपके द्वारा आवश्यक निर्देश दिए गए। आपने नर्मदा नदी कुंड की सफाई हेतु ओजोन फिल्टर को विकास परियोजना में शामिल किया जाने के लिए कहा।
माँ नर्मदा स्वच्छता श्रमदान अभियान में हुए शामिल
भारत सरकार, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय, केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रह्लाद पटेल ने माँ नर्मदा के उद्गम स्थल सावित्री सरोवर में श्रमदान कर माँ नर्मदा स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई। इस दौरान आपके साथ विधायक नरसिंहपुर जालम सिंह पटेल, कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, पूर्व विधायक रामलाल रौतेल, दिलीप जायसवाल, समाज सेवी बृजेश गौतम नपाध्यक्ष अमरकंटक प्रभा पनाड़िया, उपाध्यक्ष रामगोपाल द्विवेदी, नीलू महाराज सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं, आम जनो एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी श्री पटेल के साथ माँ नर्मदा स्वच्छता अभियान के पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।
श्री पटेल ने किया पौधारोपण, पौधों की सुरक्षा के दिए निर्देश
भारत सरकार, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय, केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पटेल ने विश्व पर्यावरण दिवस पर माँ नर्मदा तट में पौधारोपण किया। इस दौरान विधायक नरसिंहपुर जालम सिंह पटेल, कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, पूर्व विधायक रामलाल रौतेल, दिलीप जायसवाल, समाजसेवी बृजेश गौतम, नपाध्यक्ष अमरकंटक प्रभा पनाड़िया, उपाध्यक्ष रामगोपाल द्विवेदी, जनपद अध्यक्ष पुष्पराजगढ़ हीरा सिंह श्याम सहित आमजनो एवं स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने पौधारोपण किया।
संकट अभी टला नही है,सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है- श्री पटेल
कोरोना संकट के विषय पर भारत सरकार संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रह्लाद पटेल ने कहा है कि संकट अभी टला नही है। क्यूँकि इसकी अभी तक कोई पुष्टित दवा अथवा टीका उपलब्ध नही है। अतः आवश्यक है कि सभी नागरिक सुरक्षा उपायों एवं कोरोना से बचाव के सम्बंध में केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। आर्थिक समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए आगामी दिवसों में पर्यटन सहित धार्मिक स्थलों को आमजनो हेतु खोलने की अनुमति दी जाएगी। इस सम्बंध में मानक प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की गयी है। सभी नागरिकों से अपेक्षित है कि समस्त उपायों का अनिवार्य रूप से पालन करें, कोरोना संरक्षण एवं बचाव को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाएँ।