अनूपपुर

पुष्पराजगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास यात्रा का बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने किया स्वागत

पेसा एक्ट की जानकारी के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की हुई प्रस्तुति

अनूपपुर। पुष्पराजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गुट्टीपारा, बंधनीभांवर, बिलासपुर, पुरगा, महोरा, कस्तूरी, केकरिया आदि गांवों में विकास यात्रा का ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के साथ ही पेसा एक्ट की जानकारी दी गई तथा विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा विकास यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल से जल योजना के संबंध में जानकारी दी गई तथा विकास कार्यों के संबंध में अधिकारियों द्वारा बताया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत किए। आयोजन के दौरान राजस्व सेवाओं के आवेदन भी प्राप्त किए गए। कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री हीरा सिंह श्याम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा सिंह, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आर.के. त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी शामिल हुए। इस अवसर पर स्वसहायता समूह की महिलाओं ने जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। ग्राम पंचायत मोंहदी में युवाओं द्वारा प्रेरक गीत तथा लोक कल्याणकारी योजनाओं पर केन्द्रित गीतों की प्रस्तुति दी गई।

Related Articles

Back to top button