Breaking News

महर्षि श्री अरविंद घोष ने समाज में नई चेतना की जागृत- राज्‍य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल

आध्यात्मिक क्रांति की पहली चिंगारी थे महर्षि अरविन्द घोष- संत श्री लवलीन महाराज

महर्षि श्री अरविंद घोष जी की जयंती अवसर पर जिला स्तरीय व्याख्यान कार्यक्रम का हुआ आयोजन

अनूपपुर। राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने कहा कि महर्षि श्री अरविंद घोष जी ने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है, उन्होंने समाज में नई चेतना जागृत की। महर्षि श्री अरविंद घोष जी ने समाज में संस्कृति, सभ्यता, मानवता के पुर्नउत्थान हेतु विशेष प्रयास किया तथा उन्होंने जन्म से लेकर अंतिम क्षण तक राष्ट्र को सर्वाेपरि रखते हुए राष्ट्र के प्रगति में अपना योगदान दिया। राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के सोन सभागार में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद अनूपपुर द्वारा आयोजित महर्षि श्री अरविंद घोष जी की जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय व्याख्यान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महर्षि श्री अरविन्द जी का जीवन व उनके विचार भारत की महान सनातन संस्कृति व राष्ट्रीय विचारों की पोषक व संबल प्रदान करने वाले हैं, उनकी शिक्षा दीक्षा के साथ उनका भारत के स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारी भूमिका आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहूति देने वाले सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रेरणा पुन्ज के रूप में भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई है। उन्होंने कहा कि श्री अरविन्द घोष जी का जीवन क्रांतिकारी के रूप में तथा बाद के वर्षों में भारत के महान आध्यात्मिक चेतना के साथ मानव से अतिमानव तक की यात्रा के रूप में भी जानी जाती हैं, उन्हीं ने ही बताया कि मनुष्य अपनी क्षमता से दिव्य व अतिमानव के रूप में अपने आप को स्थापित कर सकता है। इस दौरान कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष ने कहा कि महर्षि जी ने अपने जीवन के अंतिम वर्षों में पांडुचेरी में श्री अरविंद सोसाइटी की स्थापना की जहां आज लोग ध्यान साधना कर अपनी आध्यात्मिक ऊर्जा को दृढ़ता प्रदान करते हैं। उन्होंने ‘‘देश प्रथम-राष्ट्र प्रथम’’ एवं श्री अटल बिहारी वाजपेई की पंक्ति ‘‘भारत जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक जीता जागता राष्ट्र पुरुष है’’ कविताओं से लोगों को प्रेरित किया तथा देश, समाज एवं अपने क्षेत्र के प्रति अपना दायित्व निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संत श्री लवलीन महाराज जी ने कहा कि महर्षि अरविंद घोष आध्यात्मिक क्रांति की पहली चिंगारी थे। भारत में गुरु एवं शिष्य की परंपरा रही है। उन्होंने इस परंपरा को कायम रखने का कार्य किया उन्होंने समाज को नई दिशा दिखाने का कार्य किया तथा समाज को प्रेरणा देते हुए ऊंचाई पर ले गए। उन्होंने सनातन परंपराओं को आत्मसात कर अंग्रेजों से हमारी संस्कृति एवं सभ्यता का संरक्षण करने का भी कार्य किया है। उन्होंने कहा कि महर्षि श्री अरविंद घोष जी के आह्वान पर हजारों बंगाली युवकों ने देश की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदों को चूम लिया था। सशस्त्र क्रांति के पीछे उनकी ही प्रेरणा थी। महर्षि जी एक महान योगी और दार्शनिक थे। उनका पूरे विश्व में दर्शनशास्त्र पर बहुत प्रभाव रहा है। उन्होंने जहां वेद, उपनिषद आदि ग्रंथों पर टीका लिखी, वहीं योग साधना पर मौलिक ग्रंथ लिखे। उन्होंने जन अभियान परिषद के विभिन्न समितियों के सदस्यों से अपील किया कि अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को जैविक खेती, गोवंश की रक्षा, पर्यावरण की रक्षा तथा समाज की रक्षा करने का संदेश दें। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री उमेश पांडेय ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन की मंशानुसार मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के तत्वाधान में महर्षि श्री अरविन्द जी की जयंती के अवसर पर उनके जीवन, कृतित्व व व्यक्तित्व पर आधारित ”हम भारतीय बने” विषय पर आयोजित जिला स्तरीय व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन निश्चित ही समसामयिक व युवाओं के लिए प्रेरणादायी होगी।
मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद जिला अनूपपुर के तत्वावधान में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, आध्यात्मिक चिंतक महर्षि श्री अरविन्द जी की जयन्ती के उपलक्ष्य में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के सोन सभागार में जिला स्तरीय व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल, अमरकंटक से आए संत श्री लवलीन महाराज एवं स्वामी बृजेशानंद महाराज तथा संयुक्त कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पांडेय ने भारत माता एवं महर्षि अरविंद घोष जी के छायाचित्र में दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस दौरान अध्यक्ष कोल विकास प्राधिकरण श्री रामलाल रौतेल ने संत श्री लवलीन महाराज को शाल एवं श्रीफल भेंट किया तथा संत श्री लवलीन महाराज ने अध्यक्ष कोल विकास प्राधिकरण को आध्यात्मिक पुस्तक भेंट की। जिला स्तरीय व्याख्यान कार्यक्रम में जिला पंचायत के श्री संदीप शुक्ला, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि, विकास कार्यक्रम परामर्शदाताओं सहित सामाजिक एवं स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।

Related Articles

Back to top button