ग्रामीण विकास विभाग के शासकीय सेवकों द्वारा प्राप्त हुआ 11 लाख का सहयोग
रिपोर्टर@देवानंद विश्वकर्मा

31 जनवरी से 02 फरवरी के बीच नर्मदा जयंती के अवसर पर होगा आयोजन
अनूपपुर। क्षेत्र की जीवनदायिनी मां नर्मदा के जन्मोत्सव में आयोजित होने वाले अमरकंटक नर्मदा महोत्सव-2020 हेतु 09 दिसम्बर को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सरोधन सिंह द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के जिले, जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तरीय अधिकारियों द्वारा एकत्रित की गई 11 लाख रुपए की राशि अमरकंटक नर्मदा महोत्सव समिति को सुपुर्द की गई। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सीईओ सरोधन सिंह ने अपने मासिक वेतन से 11 हजार रुपए की राशि महोत्सव हेतु दान की है। इस दौरान विधायक पुष्पराजगढ़ फुन्देलाल सिंह मार्को ने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि अमरकंटक क्षेत्र को अपेक्षित सम्मान एवं विश्वस्तरीय पहचान दिलाने हेतु इस प्रयास में आगे आकर सहयोग करें। जनभागीदारी इस महोत्सव को सफल बनाने हेतु आवश्यक है। आपने बताया कि महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले भंडारे हेतु, पुष्पराजगढ़ जनपद में शीघ्र ही महोत्सव रथ घर-घर जाएगा एवं परिवारों से स्वेच्छानुसार अन्नदान का सहयोग प्राप्त किया जाएगा। इस दौरान श्रमिक कांग्रेस द्वारा महोत्सव हेतु 11 हजार रुपए की राशि का सहयोग प्रदान किया गया।