
अनूपपुर। जनपद शिक्षा केन्द्र (सर्वशिक्षा अभियान) के तत्वावधान में 27 सितम्बर को स्वसहायता भवन पुष्पराजगढ़ में आयोजित उपकरण वितरण शिविर में विधानसभा पुष्पराजगढ़ के विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को के मुख्य आतिथ्य एवं उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ संतोष पाण्डेय के विशिष्ट आतिथ्य में विकासखण्ड के चयनित 35 बच्चों को 39 उपकरण प्रदान किया गया। इनमे से 15 श्रवण यंत्र, 18 केलीपर, 04 ट्राय साइकिल, 05 व्हील चेयर, 01 सी.पी. चेयर, 02 रोलेटर वितरित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को द्वारा बच्चों को इसके नियमित उपयोग के साथ शिक्षा के मुख्य धारा से जुड़े रहने हेतु सलाह दी गई। साथ ही इन सभी बच्चों के साथ-साथ विकासखण्ड की शालाओं में अध्ययनरत सभी निःशक्त बच्चों को सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत 600 रूपये प्रतिमाह की दर से पेंशन स्वीकृति हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ को निर्देशित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला परियोजना समन्वयक (डी.पी.सी.) हेमंत खैरवाल, एस.डी.एम. पुष्पराजगढ़ ऋषि सिंघई, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ मुद्रिका प्रसाद पटेल, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी नयनभान सिंह, समस्त बी.ए.सी. एवं जनशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बी.आर.सी. समन्वयक हरप्रसाद तिवारी द्वारा किया गया।