डाॅ. प्रवीर सरकार के जनहितकारी कार्य को कलेक्टर ने सराहा
शारदा कन्यापीठ आश्रम पोंड़की में बच्चों के साथ की बातचीत

अनूपपुर। शारदा कन्यापीठ आश्रम पोंड़की में कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर 11 बजे पहुंचे, कलेक्टर को अपने बीच पाकर आश्रम की छात्राएं बेहद प्रसन्न हुईं। गौरतलब है कि कन्यापीठ आश्रम का संचालन बीते दो दशक से डाॅ. प्रवीर सरकार द्वारा वनांचल आदिवासी क्षेत्र में आश्रम की स्थापना कर बैगा बाहुल्य जनजाति छात्राओं को शिक्षित किया जा रहा है। उनके द्वारा यहां पर निःशुल्क दवाएं भी क्षेत्रवासियों को उपलब्ध कराई जाती है। समाजसेवियों के सहयोग से वह लगभग 15 वर्षों से आश्रम को चला रहे हैं। इस बात की जानकारी कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर को हुई। जिसके बाद वहां जब भी समय मिलता आश्रम की छात्राओं के बीच पहुंच कर उन्हें शिक्षा अर्जन कराते हैं। मंगलवार को आश्रम में घण्टों रहकर आश्रम की छात्राओं को अध्यापन कार्य कराया वहीं उनके साथ अन्य विषय पर चर्चा की। उन्होंने आश्रम की छात्राओं को भरोसा दिलाया कि वह आश्रम के लिए हर संभव मदद करेंगे। छात्राओं ने कलेक्टर को आश्रम की समस्याओं के बारे में बताया। घण्टों आश्रम में रहने के दौरान कलेक्टर ने छात्राओं के साथ सामान्य ज्ञान विषय में काफी कुछ बातें की छात्राओं ने भी कलेक्टर को भरोसा दिलाया कि हमेशा की तरह कन्यापीठ का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहेगा।