कृषि को लाभ का धंधा बनाने हेतु हर स्तर पर किसान भाइयों के सहयोग के लिए हम प्रतिबद्ध – खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह
कृषि को लाभ का धंधा बनाने हेतु हर स्तर पर किसान भाइयों के सहयोग के लिए हम प्रतिबद्ध - खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह

कृषि को लाभ का धंधा बनाने हेतु हर स्तर पर किसान भाइयों के सहयोग के लिए हम प्रतिबद्ध – खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह
लाभार्थी कृषकों को प्रदान किए गए प्रमाण पत्र
अनूपपुर/ कृषि को लाभ का धंधा बनाने हेतु शासन द्वारा किसान भाइयों को हर स्तर में सहयोग एवं विभिन्न समस्याओं से निजात दिलाने हेतु संरक्षण प्रदान किया जा रहा है। समृद्ध एवं ख़ुशहाल किसान, मध्यप्रदेश की पहचान बने इस हेतु कोई भी कसर बाक़ी नही रखी जा रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह फ़ुनगा में गरीब कल्याण सप्ताह में आयोजित प्रधानमंत्री फ़सल बीमा क्लेम राशि वितरण कार्यक्रम में सम्बोधित कर रहे थे।
खाद्य मंत्री श्री सिंह ने कहा कृषि आय को बढ़ाने हेतु कृषक भाइयों को तकनीकि मार्गदर्शन, उन्नत कृषि तरीक़ों के प्रयोग हेतु करने के साथ-साथ आधुनिक उपकरणों हेतु सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उत्पादकता बढ़ाने एवं लागत कम करने हेतु किसानो को विभागीय अधिकारी नियमित रूप से केंद्रीय एवं राज्य शासन की जनहितैषी योजनाओ के माध्यम से लाभान्वित कर रहे हैं। उन्नत बीज की उपलब्धता, उर्वरक खाद की उपलब्धता, सही मात्रा में खाद उर्वरक के प्रयोग हेतु मृदा परीक्षण, कीटनाशक का उचित प्रयोग, कृषि यंत्रो की ख़रीदी हेतु अनुदान, रियायती दरों में कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके साथ ही मौसम की मार, बाढ़, अल्पवर्षा, अतिवर्षा, कीट व्याधि एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं में भी शासन द्वारा किसानो को फ़सल बीमा, ऋण में रियायत, माफ़ी आदि के माध्यम से उनकी आजीविका को संरक्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। श्री सिंह ने कहा अन्नदाताओं का हित सर्वोपरि है।
इस दौरान खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह एवं पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्ध घुमक्कड़ जनजाति कल्याण (स्वतंत्र प्रभार), राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल द्वारा ज़िले के प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना लाभार्थी कृषकों को सांकेतिक रूप से फ़सल बीमा क्लेम की राशि प्रदाय के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि अनूपपुर ज़िले के 288 कृषकों को 16 लाख 43 हज़ार 205 रुपए की प्रधानमंत्री फ़सल बीमा क्लेम राशि सिंगल क्लिक से मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा ऑनलाइन अंतरित की गयी। इस दौरान उपस्थित जनो द्वारा मुख्यमंत्री जी के उदबोधन का श्रवण एवं दर्शन किया गया।
उप संचालक कृषि एन॰डी॰ गुप्ता ने बताया कि तहसील अनूपपुर अंतर्गत 112 कृषकों को 2 लाख 23 हज़ार 512 रुपए, तहसील कोतमा अंतर्गत 79 कृषकों को 2 लाख 11 हज़ार 76 रुपए, तहसील पुष्पराजगढ़ अंतर्गत 97 कृषकों को 12 लाख 8 हज़ार 617 रुपए की राशि मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा आज सिंगल क्लिक के माध्यम से ऑनलाइन अंतरित की गयी है।
कार्यक्रम के दौरान तहसील पुष्पराजगढ़ के अजय सिंह को 90817 रुपए, भान सिंह को 83957 रुपए, कोमल सिंह मरावी को 82501 रुपए, तहसील अनूपपुर के जगत कुमार सिंह को 48475 रुपए, रामजीवन पटेल को 30912 रुपए, तहसील कोतमा के मानसिंह को 33720 रुपए की राशि अंतरण के प्रमाण पत्र मुख्य अतिथियों द्वारा प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में ज़िला पंचायत अध्यक्ष रूपमती सिंह, कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, मुख्यकार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत मिलिंद नाग़देवे, एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी, पूर्व विधायक सुदामा सिंह, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अनूपपुर ओपी द्विवेदी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जैतहरी अनिल गुप्ता, समाजसेवी बृजेश गौतम सहित विभागीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, कृषक बंधु एवं आमजन उपस्थित थे।