नगर पालिका पसान में आयोजित विकास यात्रा का हुआ सफल आयोजन
नगर पालिका पसान में आयोजित विकास यात्रा का हुआ सफल आयोजन

नगर पालिका पसान में आयोजित विकास यात्रा का हुआ सफल आयोजन
कैबिनेट मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने किया कार्यों का भूमिपूजन लोकार्पण
अनूपपुर। शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति को सुनिश्चित हो तथा जिन लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ है उनके जीवन में आए बदलावों के अनुभव साझा करने के साथ ही विकास यात्रा के माध्यम से जन समस्याओं का निराकरण व शासकीय संस्थाओं का अवलोकन कर कमियों की सुधार के साथ ही क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को जनमानस को बताने के साथ ही विकास से संबंधित कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास करने का कार्य विकास यात्रा के माध्यम से किया जा रहा है। उक्ताशय के विचार मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने नगरपालिका पसान परिसर में आयोजित विकास यात्रा के संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। विकास यात्रा में शामिल अतिथियों में अनूपपुर कलेक्टर आशीष वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह पवार, वन मंडला अधिकारी सुशील कुमार प्रजापति, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभय सिंह ओ हरिया, एसईसीएल जमुना कोतमा क्षेत्र के महाप्रबंधक हरजीत सिंह मदान, अनूपपुर एसडीएम कमलेश पुरी ,तहसीलदार भावना डेहरिया ,नायब तहसीलदार भागीरथी लहरें, पसान नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी शशांक आर्मो सहित भाजपा के जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास पुरी विधायक प्रतिनिधि उदय प्रताप सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता पत्रकार आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का नगरपालिका अध्यक्ष श्री रामअवध सिंह ने माल्यार्पण व शाॅल-श्रीफल देकर स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्या पूजन से की गई। कार्यक्रम के दौरान गोद भराई का कार्यक्रम भी किया गया। खाद्य मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत आम आदमी को लाभ दिलाने वाली योजनाओं की जानकारी देते हुए नागरिकों से पात्रतानुसार आवेदन देकर लाभान्वित होने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा के माध्यम से विकास के कार्यों को जनता के समक्ष रखना है। उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि आगे भी विकास के हर संभव प्रयास सुनिष्चित किए जांऐगे। खाद्य मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जल संसाधन विभाग के जलाशयों तथा निर्मित पुल के एप्रोच मार्ग के निर्माण से जनता को शीघ्र ही लाभ मिलेगा। उन्होंने 2024 तक सभी पात्रों को आवास व ग्रामीण क्षेत्रों के हर घर में नल से जल का कनेक्शन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसईसीएल जमुना कोतमा के सहयोग से जमुना कालरी स्थित छठ तालाब के गहरीकरण व घाट निर्माण का कार्य कराया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर पेसा एक्ट के संदर्भ में सभा में उपस्थित लोगों को जानकारी देते हुए कहा कि पेसा कानून से जनजातीय समुदाय का हित संवर्धन होगा। इससे किसी को परेशानी नही होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 89 विकासखण्डों के ग्रामीण क्षेत्रों में पेसा एक्ट लागू किया गया है। जिसके माध्यम से ग्रामीणों को अनेक लाभ और अधिकार प्राप्त होंगे। उन्होंने प्रावधानों के संबंध में जानकारी भी दी। इस अवसर पर उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों द्वारा उद्बोधन प्रस्तुत किया गया।
यात्रा का शुभारंभ जमुना कालरी पसान के वार्ड क्र. 08 से किया गया। इस दौरान विकास यात्रा में शामिल मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने सब्जी मण्डी शेड निर्माण कार्य, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, किचेन शेड सहित अनेक कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। विकास यात्रा के दौरान पसान नगरपालिका क्षेत्र के 85.33 लाख के तीन कार्यों का लोकार्पण व 82.84 लाख के कार्यों का शिलान्यास किया गया।
विकास यात्रा के दौरान नगर पालिका परिषद पसान में माननीय खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवम उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मध्यप्रदेश शासन द्वारा कल्याणकारी योजनाओं के लाभान्वितों को हितलाभ वितरित किया गया। खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग की लाडली लक्ष्मी योजना, पीएम स्वनिधि योजना, आजीविका स्वसहायता समूहों के उत्थान के लिए सीसीएल योजना, भू-अधिकार प्रमाण पत्र आदि का वितरण किया गया। उक्त अवसर पर संवाद कार्यक्रम के दौरान लाडली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित श्रृद्धा तिवारी, सोनम शिवहरे, पीएम स्वनिधि से लाभान्वित राजेश शुक्ला, आजीविका समूह के सीसीएल से लाभान्वित निधि मिश्रा, भू-अधिकार से लाभान्वित श्री सीताराम नामदेव ने हितलाभ से जीवन में आए परिवर्तन के संबंध में विचार साझा किए गए तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की गई। विकास यात्रा के दौरान नगरपालिका परिषद पसान के प्रांगण में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों को पेसा एक्ट तथा शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सहज, सरल गीत के माध्यम से गायक श्री संदीप शिवहरे एवं उनकी टीम द्वारा दी गई जिसकी प्रशंसा खाद्य मंत्री सहित उपस्थित अतिथियों व नागरिकों द्वारा की गई।