रिपोर्टर@देवानंद विश्वकर्मा अनूपपुर। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त कार्यक्रम अनुसार मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री कमलनाथ 31 जनवरी दोपहर 12.30 बजे जिला अनूपपुर के पवित्र नगरी अमरकंटक में आयोजित तीन दिवसीय अमरकंटक नर्मदा महोत्सव 2020 का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री कमलनाथ का 31 जनवरी को पूर्वाह्न 11ः10 बजे आईजीएनटीयू हेलिपैड में आगमन होगा। वहां कमलनाथ आईजीएनटीयू के कुलपति के साथ बैठक में शामिल होंगे तथा स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। आईजीएनटीयू से मुख्यमंत्री अमरकंटक में कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे। अपरान्ह 12.30 बजे अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं जनजातीय समूहों, स्वसहायता समूहों द्वारा निर्मित कलाकृतियों एवं उत्पादों के स्टॉल का भ्रमण करेंगे। इसके पश्चात आप आईजीएनटीयू हेलीपैड के लिए रवाना होंगे एवं दोपहर 1.50 बजे जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। अमरकंटक नर्मदा महोत्सव में पूर्व मुख्यमंत्री म.प्र. तथा सांसद राज्य सभा दिग्विजय सिंह, अध्यक्ष म.प्र. विधानसभा एन.पी. प्रजापति, अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ विधानसभा डॉ.चरणदास महंत, मंत्री, म.प्र. शासन खनिज साधन विभाग तथा प्रभारी मंत्री जिला अनूपपुर प्रदीप जायसवाल, मंत्री म.प्र. शासन, जनजातीय कार्य विभाग, विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ जनजातीय कल्याण विभाग ओमकार सिंह मरकाम, अध्यक्ष, मां नर्मदा, क्षिप्रा एवं मंदाकिनी नदी न्यास एवं समस्त सहयोगी नदियां (म.प्र. शासन) महामण्डलेश्वर कम्प्यूटर बाबा शामिल होंगे। जिला प्रभारी मंत्री रहेगें भ्रमण में म.प्र. शासन के खनिज साधन विभाग के मंत्री एवं अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री प्रदीप जायसवाल 31 जनवरी को जिले के भ्रमण में रहेंगे। जायसवाल हैलीकाप्टर द्वारा प्रातः 11.10 बजे आईजीएनटीयू हैलीपेड में पहुंचेंगे। आप वहां से अमरकंटक के लिए प्रस्थान करेंगे तथा अमरकंटक नर्मदा महोत्सव कार्यक्रम 2020 में भाग लेंगे। जायसवाल दोपहर 1ः30 बजे अमरकंटक से प्रस्थान करेंगे। अमरकंटक नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ अनूपपुर जिले के अमरकंटक में तीन दिवसीय नर्मदा महोत्सव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ 31 जनवरी 2020 को तीन दिवसीय अमरकंटक नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। अमरकंटक नर्मदा महोत्सव में प्रथम दिवस 31 जनवरी को सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम, ट्रेकिंग कार्यक्रम, मां नर्मदा शोभायात्रा, अमरकंटक नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ, स्थानीय लोक कला का मंचन, महा आरती का आयोजन होगा। इसी प्रकार महोत्सव के दूसरे दिवस 01 फरवरी 2020 को सामूहिक योगाभ्यास, टेªकिंग, मां नर्मदा जयंती पूजन, कन्या भोज, स्थानीय लोक कला का मंचन, महा आरती और सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर के गीतों की रंगारंग प्रस्तुति होगी। अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के प्रति दिवस सामूहिक योगाभ्यास, ट्रेकिंग, 108 कुण्डीय हवन, स्थानीय लोक कला का मंचन, महाआरती और सांस्कृतिक संध्या में सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर द्वारा रंगारंग गीतों की प्रस्तुति होगी। 2100 कन्याभोज कराकर, रचा जाएगा इतिहास अमरकंटक नर्मदा महोत्सव 2020 के द्वितीय दिवस नर्मदा जयंती (1 फरवरी) के अवसर पर इतिहास रचा जाएगा। अमरकंटक की बेटी माँ नर्मदा की स्वरूप 2100 कन्याओं को महोत्सव के दौरान रामघाट में सामूहिक भोज कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि एक बैठक में 2100 कन्याओं का सामूहिक भोज इस श्रेणी में नया रिकार्ड होगा पिछला रिकार्ड 1008 कन्याओं का सामूहिक भोज था। उल्लेखनीय है कि नर्मदा जयंती के दिवस महोत्सव के समस्त आयोजन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर आधारित होंगे। इस दिन कार्यक्रमों के माध्यम से नारीशक्ति का वंदन किया जाएगा। यह रिकार्ड इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज किया जाएगा। अमरकंटक नर्मदा महोत्सव समिति एवं जिला प्रशासन ने इस ऐतिहासिक अवसर पर समस्त निवासियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री आज जिले के भ्रमण पर मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल 31 जनवरी को अमरकंटक नर्मदा महोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे।