अनूपपुर

खनिज माफियाओं सोन और केवई नदियो के सीने को कर रहे छलनी

संजीत सोनवानी

अनूपपुर। एक ओर प्रदेश के मुखिया कमलनाथ द्वारा खनिज माफियाओं के विरुद्ध ठोस कार्यवाही करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के अंतिम छोर में स्थित अनूपपुर जिले के कोतमा के केवई नदी एवं ग्राम पंचायत बकहीं मे खनिज माफियाओं द्वारा सोन नदी को छलनी किया जा रहा हंै। जिसमें पंचायत के जनप्रतिनिधि भी अपनी सहभागिता निभा रहे। ग्राम पंचायत बकही को खसरा नंबर 791, 787 रखवा 5.664 हेक्टेयर से रेत निकालने के लिए लीज प्रदान की गई है, लेकिन ग्राम पंचायत बकहीं के जनप्रतिनिधियों और रेत माफियाओं की मिलीभगत से लीज से हटकर रेत का उत्खनन किया जा रहा है जिसमें टेपर घाट और डूमर घाट से पर्ची काटकर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है जबकि दोनों ही घाट लीज से हटकर हैं।
उपसरपंच ने सौंपा था ज्ञापन
अवैध उत्खनन को लेकर ग्राम पंचायत के उपसरपंच तुलसी प्रसाद मेहरा ने जिला कलेक्टर अनूपपुर को ज्ञापन सौंपकर रेत के अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने की मांग की गई थी,लेकिन वर्तमान में भी रेत का अवैध उत्खनन जारी है जिला प्रशासन सहित खनिज विभाग मूकदर्शक बना बैठा है।
दिन-रात जारी है अवैध खनन
अवैध खनन कर्ताओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे बिजुरी थाना क्षेत्र के केवई नदी के बेलगांव,थानगांव नदी से कई स्थानो से रेत व बोल्डर का अवैध खनन कर सरकार के आदेशो की धज्जियां उड़ा रहे है और राजस्व को क्षति पहुॅचा रहे है, लेकिन अभी तक जिम्मेदार अधिकारियों के द्वारा इस अवैध उत्खनन पर पैनी नजर नहीं पड़ा।
दूरभाष से मिल जाती है सूचना
नदियों में अवैध खनन की जानकारी होती है। जब कोई उच्चअधिकारी नदियों में हो रहे खनन को रोकने के लिए जाता है तो बीच राह में पहले से ही खनन कर्ताओं के आदमी वाचर लोग बैठे रहते हैं, जो मोबाईल पर सूचना दे देते हैं। जब पुलिस बल व क्षेत्रिय अधिकारी मौके पर पहुंचते हैं तो उनके हाथ कुछ भी नहीं लगता है। नदी व नालों में रात दिन अवैध खनन होता है। रात भर धडल्ले से टैक्टर टालियो मे रेत लेकर परिवहन करते है एवं स्टॉक भी वहीं गांव के आस पास दो-चार टाली जमा होता है। स्टाक किये गये रेत को रात मे टैक्टर मे भरकर मे सरकारी व गैर सरकारी निर्माण कार्यो मे उचे दांमो मे बेचते है। लेकिन अभी तक विभाग एक दो कार्रवाई के अलावा इन स्थानों पर जाकर कार्यवाही नहीं की।
जानकारी के बाद भी प्रशासन बना रहता है अनजान
बिजुरी बन क्षेत्र में इन दिनों खनन माफिया जोर शोरों से नदियों से रेत व बोल्डर का अवैध खनन कर रहे हैं। खनन माफिया ने थान गांव,केवेई नदी सहित क्षेत्र के छोटे बड़े नदी नालो से रेत का अवैध खनन कर के नदियों का सीना छलनी कर दिया है। ट्रैक्टर ट्रॉलियों से बिना किसी के डर से दिन रात खनन कर बालु निकाल रहे हैं। खुलेआम रात दिन सबकी नजरों के सामने से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली नगर  की सड़कों पर दौड़ते नजर आते हैं, फिर भी प्रशासन ने अपनी आंखें मूंद रखी है।
कुछ वाहनो पर हुई कार्यवाही
कलेक्टर के आदेश 18 दिसम्बर 2019 के परिपालन में खनिज विभाग द्वारा पुलिस तथा राजस्व विभाग के साथ संयुक्त रूप से खनिजों के अवैध उत्खनन/परिवहन/भंडारण के विरुद्ध कार्यवाहियां संचालित की जा रही हैं। इस संबंध में माह दिसम्बर 2019 में अवैध परिवहन के 22 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे निराकृत 08 प्रकरणों में शासन को अर्थदंड के रूप में रु 1,06,250 की प्राप्ति हुई तथा लंबित शेष 14 प्रकरणों से रु 1,40,000 की राशि शासन को प्राप्त होना संभावित है। इसी प्रकार खनिज विभाग द्वारा 01 प्रकरण अवैध उत्खनन का तथा 03 प्रकरण अवैध भंडारण के दर्ज किया गए हैं। इस प्रकार इस माह अवैध उत्खनन,अवैध परिवहन तथा भंडारण के कुल 26 प्रकरण विभाग द्वारा दर्ज किए जा चुके हैं तथा वर्तमान में भी कार्यवाही सतत रूप से जारी है।