अनूपपुर

2100 कन्या भोज करा अमरकंटक नर्मदा महोत्सव में स्थापित हुआ नया कीर्तिमान

नर्मदा जयंती के अवसर पर मंत्री जनजातीय विकास मरकाम ने किया कन्याओं का पूजन

रिपोर्टर@देवानंद विश्‍वकर्मा
इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज हुई उपलब्धि


अनूपपुर। अमरकंटक क्षेत्र में नर्मदा जयंती के शुभ अवसर पर आगंतुकों का ताँता लगा रहा। अमरकंटक नर्मदा महोत्सव 2020 का आयोजन आज माँ नर्मदा की स्वरूप बेटियों को समर्पित रहा। जहां आज प्रातः बालिकाओं ने योगाभ्यास कर शरीर को स्वस्थ एवं मन को सशक्त किया। वहीं महोत्सव में आज 2100 कन्याओं का पूजन एवं सामूहिक भोज कराकर एक नया कीर्तिमान स्थापित हुआ। उल्लेखनीय है कि इससे पहले यह रिकार्ड हिमांचल प्रदेश में 1008 कन्याओं के सामूहिक भोज के नाम था। कन्या भोज का प्रारम्भ माँ नर्मदा का पूजन करने के उपरांत भोग प्रसाद को कन्या भोज हेतु बनायी गयी भोज सामग्री में मिलाकर किया गया। विधायक पुष्पराजगढ़ फुँदेलाल सिंह मार्को ने स्वयं भोग को 2100 कन्याओं को अर्पित किया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की थीम पर आधारित नारी शक्ति को समर्पित महोत्सव के द्वितीय दिवस पर समस्त आयोजन बेटियों की सामाजिक भूमिका के महत्व को समर्पित हैं। इस दौरान मंत्री जनजातीय कार्य घुमक्कड़ एवं अर्ध घुमक्कड़ विकास विभाग ओमकार सिंह भी शामिल हुए, आपने विधायक पुष्पराजगढ़ फुँदेलाल सिंह मार्को समेत जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस पवित्र आयोजन की सराहना की। कन्या भोज की विशेष बात यह रही कि स्थानीय कन्याओं के साथ सुप्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर ने स्वयं कन्या भोज प्रसाद प्राप्त किया एवं सभी बालिकाओं से मिली। मैथिली ठाकुर को अपने बीच पाकर बेटियाँ बहुत उत्साहित हो गयी सभी ने मैथिली का पूरी गर्मजोशी से स्वागत किया और मैथिली ने भी उसी ऊर्जा से सभी बालिकाओं के अभिवादन को स्वीकार किया।
सर्वाधिक कन्या भोज का प्रमाण पत्र
2100 कन्या भोज के आयोजन के दौरान इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स के प्रतिनिधियों का दल उपस्थित रहा। कार्यक्रम के विधिवत समापन होने के पश्चात इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स के अधिनिर्णायक महेश कौशिक द्वारा सर्वाधिक कन्या भोज का प्रमाण पत्र अमरकंटक नर्मदा महोत्सव समिति को प्रदान किया गया। समिति की तरफ से आयोजक अध्यक्ष अमरकंटक नर्मदा महोत्सव समिति कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, सहआयोजक जिला महिला एवं बाल विकास विभाग विनोद परस्ते एवं मंजुशा शर्मा तथा समन्वयक सीए आकाश खेमका को प्रदान किया गया।
बेटियों के महत्व के प्रति आएगी सामाजिक जागरूकता- कलेक्टर
कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के समस्त अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, भोज व्यवस्था में शामिल खाद्य विभाग एवं समस्त सहायक दलों के प्रयास की सराहना की। आपने कहा यह आयोजन नारियों के महत्व को समझाने एवं आमजनो में जागरूकता लाने में सहायक होगा।  मंत्री मरकाम, विधायक फुँदेलाल सिंह मार्को एवं कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने जिले के समस्त निवासियों को नर्मदा जयंती की शुभकामनाएँ दी हैं।

माँ नर्मदा की आरती
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, धर्मपत्नी श्रीमती अमृता सिंह, विधानसभा अध्यक्ष एन॰पी॰ प्रजापति ने जनप्रतिनिधियों आमजनो सहित रामघाट में माँ नर्मदा की आरती की। इस दौरान माँ नर्मदा के जीवन पर आधारित लेजर शो का प्रदर्शन किया गया। साथ ही अमरकंटक के पर्यटन स्थलों की विस्तार से जानकारी दी गयी।
मंत्री जयवर्द्धन सिंह आज जिले के भ्रमण में रहेंगे। म.प्र. शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह आज 2 फरवरी  को जिले के भ्रमण में रहेंगे। जयवर्द्धन सिंह सायं 5 बजे अमरकंटक पहुंचकर नर्मदा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं रात्रि विश्राम अनूपपुर में करेंगे तथा 3 फरवरी को समीक्षा बैठक लेंगे।
नर्मदा महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुति
स्थानीय जनजातीय कलाकारों एवं क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा अमरकंटक नर्मदा महोत्सव में मंत्रमुग्ध करने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जा रही हैं। अमरकंटक क्षेत्र बहुत सी स्थानीय कलाओं एवं संस्कृतियों की धरोहर है। महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से आगंतुकों को अवगत कराया जा रहा है।
सुप्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर ने किया माँ नर्मदा का पूजन
सुप्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर ने नर्मदा जयंती के शुभ अवसर पर परिवार सहित माँ नर्मदा का पूजन किया। इस दौरान आपके पिता रमेश ठाकुर, भाई अयाची ठाकुर एवं ऋषभ ठाकुर भी साथ थे। मैथिली ने कहा कि वे अमरकंटक पहली बार आयी और यहाँ की पवित्रता रमणीय वातावरण ने आपका मन मोह लिया है। आपने कहा आपको अमरकंटक आकर बहुत अच्छा लगा यह स्थल धार्मिक पर्यटकों के साथ प्रकृति प्रेमियों के लिए स्वर्ग यहाँ सभी सैलानियों को आकर प्रकृति से रूबरू होने का अवसर प्राप्त होता है। आपने अमरकंटक भ्रमण के दौरान जिला प्रशासन के आतिथ्य सरकार एवं यहाँ के निवासियों के सरल सहज व्यवहार की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस दौरान मंदिर में उपस्थित श्रद्धालु अपने बीच मैथिली को पाकर गदगद हो गए तथा सेल्फी एवं ऑटोग्राफ का कभी खत्म न होने वाला सिलसिला चालू हो गया। मैथिली ने सभी प्रशंसकों के अभिवादन को स्वीकार किया।
कन्या पूजन एवं भंडारा कार्यक्रम में हुए शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद राज्यसभा दिग्विजय सिंह नर्मदा जयंती के अवसर पर मार्कण्डेय आश्रम द्वारा आयोजित कन्यापूजन एवं विशाल भंडारा समारोह में शामिल हुए। आपने आचार्य महामंडलेश्वर ब्रह्मर्षि रामकृष्णानन्द महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। आपने अनूपपुर समेत प्रदेश के समस्त निवासियों को नर्मदा जयंती की शुभकामनाएँ दी हैं। इस दौरान श्री सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती अमृता सिंह, महामँडेलश्वर रामभूषणदास शांति कुटीर आश्रम, विधायक कोतमा सुनील सराफ समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि साधु संत एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
विधायक पुष्पराजगढ़ एवं जिला प्रशासन को पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने दी बधाई
पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद राज्यसभा दिग्विजय सिंह ने अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के उत्कृष्ट आयोजन की म.प्र. शासन, विधायक पुष्पराजगढ़ फुँदेलाल सिंह मार्को एवं जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा अमरकंटक क्षेत्र तीन संस्कृतियों महाकौशल, बघेलखंड एवं छत्तीसगढ़ का संगम स्थल है। यहाँ तीनो संस्कृतियों की विशेषताएँ उपलब्ध हैं जो इसे सांस्कृतिक रूप से बहुत धनी बनाती हैं। आपने कहा यह क्षेत्र पर्यटन एवं अध्यात्म का पुरातन केंद्र है इसे सँवर्धित सुरक्षित एवं स्वच्छ रखना महत्वपूर्ण हैं। आपने जिला प्रशासन को क्षेत्र की सड़कों एवं साफ सफाई व्यवस्था हेतु विशेष अभियान चलाने के लिए कहा। श्री सिंह कल्याण आश्रम में सपत्नीक उपस्थित थे। इस दौरान आपसे विख्यात गायिका मैथिली ठाकुर ने भेंट की। श्रीमती अमृता सिंह ने कहा आप मैथिली ठाकुर की प्रशंसक हैं। आपने सुश्री मैथिली को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी। श्रीमती सिंह को जब यह अवगत कराया गया कि मैथिली को उनके पिता रमेश ठाकुर द्वारा प्रशिक्षित किया गया है तब आपने कहा माता पिता की मेहनत से बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होता है। हर अभिभावक को अपने बच्चों के पालन पोषण का विधिवत ध्यान देना चाहिए। इस दौरान कल्याण आश्रम में सिंह, श्रीमती अमृता सिंह, मैथिली उनके पिता एवं भाइयों का सम्मान किया गया।

 

Related Articles

Back to top button