अनूपपुर

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणो की प्रगति पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त करते हुए दी चेतावनी

समस्त विभागीय समितियों में मनोनीत सदस्यों की पूर्ति करने हेतु दिए निर्देश

रिपोर्टर@देवानंद विश्‍वकर्मा
अनूपपुर। सीएम हेल्पलाइन प्रकरणो के निराकरण की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने समस्त विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह में युद्धस्तर पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। आपने कहा आशानुरूप परिणाम प्राप्त न होने पर कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में निर्देश दे रहे थे। इस दौरान मुख्य कार्यपालन जिला पंचायत सरोधन सिंह, अपर कलेक्टर बी.डी.सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में राजस्व विभाग द्वारा 5 वर्ष से अधिक समय के समस्त प्रकरणों के निराकरण पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए अगली कड़ी में 2 से 5 वर्ष के बीच लम्बित प्रकरणों को शत प्रतिशत निराकृत करने हेतु निर्देशित किया। उल्लेखनीय है कि जिले में 2 से 5 वर्ष की अवधि के लगभग 175 प्रकरण वर्तमान में लम्बित हैं। इस दौरान श्री ठाकुर द्वारा जनगणना के कार्यों एवं आगामी पंचायत निर्वाचन की तैयारियों के सम्बंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
एयर फोर्स भर्ती की गई समीक्षा
कलेक्टर द्वारा समस्त विभागीय अधिकारियों को सम्बंधित जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय समितियों में मनोनीत सदस्यों के पुनर्गठन हेतु प्रस्ताव तैयार कर समक्ष स्तर पर अनिवार्य रूप से अनुमोदन हेतु प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया गया।  कलेक्टर द्वारा 23 फरवरी से 28 फरवरी के मध्य अनूपपुर में आयोजित होने वाली ऐयर फोर्स भर्ती रैली की तैयारियों की समीक्षा की गयी एवं सम्बंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान आपने मदद योजनांतर्गत खाद्यान्न की उपलब्धता की पूँछतांछ की गयी जिस पर सम्बंधित अधिकारी द्वारा पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध होने की जानकारी दी गयी।
आगामी बोर्ड परीक्षाएं पारदर्शी से कराये सम्पन्न
अनूपपुर। अच्छी पढ़ायी के साथ व्यवस्थित रूप से परीक्षाओं का संचालन योग्यता निर्धारण एवं उज्जवल भविष्य हेतु अहम है। आगामी माह में बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए जहां एक ओर कलेक्टर द्वारा शिक्षा विभाग के महकमें को एड़ी चोटी का जोर लगाने के निर्देश दिए गए हैं वहीं व्यवस्थित एवं पारदर्शी रूप से परीक्षा के संचालन हेतु आपने अधिकारियों को अभी से कमर कसने के लिए कहा है। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने राजस्व अधिकारियों सहित बोर्ड परीक्षा संचालन में शामिल समस्त शासकीय सेवकों को नकल पर नकेल कसने के निर्देश दिए हैं। श्री ठाकुर ने समस्त संदिग्ध केंद्रों में अभी से नजर रख प्रशासन की मंशा का स्पष्ट संदेश पहुँचाने के निर्देश दिए हैं। किसी भी नकल प्रकरण को नजरअन्दाज नही किया जाएगा। इसके साथ ही कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर द्वारा बच्चों को नियमित रूप से अभ्यास करने एवं किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने शिक्षकों सम्बंधित शाला प्रमुखों से निःसंकोच सम्पर्क करने के लिए कहा है। आपने कहा सभी शिक्षकों को बच्चों के भविष्य निर्माण में उनके आत्मविश्वास को बनाए रखने आत्मविश्वास को सँवर्धित करने हेतु विशेष प्रयास करना होगा। आपने सभी छात्रों, शिक्षकों एवं शाला प्रमुखों को अच्छे परिणाम प्राप्त होने की शुभकामनाए दी हैं।

जनपद पंचायतो की लचर प्रणाली से नाराज हुए कलेक्टर
कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर द्वारा खाद्य पात्रता पर्ची के सत्यापन की कार्यवाही की वृहद समीक्षा की गयी। समीक्षा में जनपद जैतहरी एवं पुष्पराजगढ़ जहाँ सत्यापन की कार्यवाही अब तक महज 40 फीसदी ही हुई पर रोष व्यक्त करते हुए सम्बंधित क्षेत्र में संलग्न दलों की वृहद रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा जिन दलों के द्वारा लापरवाही की गयी है उन पर कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने अगले सप्ताह उल्लेखित जनपदों की प्रगति रिपोर्ट के साथ 1 सप्ताह में हुई सत्यापन कार्य की पुनः समीक्षा करने के लिए कहा। आपने सत्यापन कार्य में लगे दल के सभी सदस्यों पटवारी, रोजगार सहायक, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता सभी को प्राथमिकता के साथ खाद्य पात्रता पर्ची के सत्यापन की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। आपने कहा कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही अथवा लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी।
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर अमरकंटक में वृहद मेला
कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने बताया कि नगर परिषद अमरकंटक के तत्वावधान में 21 फरवरी 2020 को महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर पवित्र नगरी अमरकंटक में 19 फरवरी 2020 से 24 फरवरी 2020 तक वृहद महाशिवरात्रि मेले का आयोजन किया जाएगा। आपने विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारियों को मेले के आयोजन हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button