नारी शक्ति का बढ़ाने मान, अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित होगी वृहद जागरूकता रैली ‘‘यशस्विनी की उड़ान’’
‘‘पिंक इज न्यू ब्लू’’ थीम पर आधारित इस वाहन रैली में महिलाओं के समाज में योगदान का किया जाएगा प्रदर्शन

रिपोर्टर@देवानंद विश्वकर्मा
अनूपपुर। परिवार, समाज एवं विश्व के निर्माण तथा विकास में महिलाओं का योगदान स्पष्ट है। उनकी कार्यक्षमता एवं कार्यकुशलता पर किसी भी प्रकार का संशय नही है। इन प्रत्यक्ष प्रमाणो से अनभिज्ञता किसी भी समाज या व्यक्ति के लिए स्वीकार्य नही है। समय है कि महिलाओं के विभिन्न क्षेत्रों के योगदानो को जिन्हें हम सभी देख रहे हैं, उन्हें स्वीकारें और महिलाओं को वह सम्मान वह वरीयता दें जिसकी वह पूर्णरूपेण हकदार हैं। महिलाओं एवं बालिकाओं को यदि विकसित होने में किसी भी प्रकार की सामाजिक बाधा न हो तो, इन यशस्विनियों की उड़ान कहाँ तक पहुँचेगी इसकी शायद आज हम विधिवत कल्पना भी नहीं कर सकते हैं, ध्यान देने योग्य यह है कि विभिन्न सामाजिक बाधाओं एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने के बाद भी समाज के विकास का यह प्रथम और महत्वपूर्ण पहिया पूरी बराबरी से दूसरे पहिए का साथ दे रहा है।
महिलाओं के समाज के प्रति इसी योगदान को रेखांकित कर नारीशक्ति मान बढ़ाने हेतु अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को ‘‘यशस्विनी की उड़ान’’ वाहन रैली का आयोजन किया जाएगा। वाहन रैली में मोपेड, बाइक, फोर व्हीलर, ट्रैक्टर, ट्रक, ऑटो आदि प्रकार के वाहनो का समावेश किया गया है जो सांकेतिक रूप से यह प्रदर्शित करेगा कि सभी क्षेत्रो सभी आयामों में नारीशक्ति विद्यमान है। जो समाज में यह संदेश देगा कि बेटे से बेटी किसी भी विधा में कमतर नही अपितु बेहतर है। सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में महिलाओं की बराबरी करने के विषय में तो शायद पुरुष प्रतियोगिता में भी शामिल नही हो पाएँ। आज महिलाओं की आर्थिक सशक्तता पूर्व समय में पुरुषों के एकाधिकार को बड़ी आसानी से चुनौती दे रही है। आज यह कहना सर्वथा उचित है ‘‘पिंक इज न्यू ब्लू’’।
कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने अनूपपुर जिले की समस्त जागरूक प्रगतिशील महिलाओं से इस जागरूकता रैली में शामिल होने की अपील की है। आपने कहा महिलाओं के महत्व के प्रति जागरूकता न केवल बालिकाओं को विकास के उचित अवसर उपलब्ध कराएगी साथ ही सशक्त महिलाएँ परिवार के समाज के एवं देश के विकास की सशक्त आधारशिला का कार्य करेंगी। आपने कहा जिस प्रकार महिलाओं के शिक्षित होने से पूरा परिवार शिक्षित होता है उसी प्रकार आर्थिक सशक्तता समूचे विश्व के विकास का मूल है।
सहायक संचालक महिला सशक्तिकरण मंजुशा शर्मा ने जानकारी दी है कि यशस्विनी की उड़ान पिंक इज न्यू ब्लू वाहन रैली 8 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रैट कार्यालय से प्रारम्भ होकर शहर के विभिन्न स्थलों से होते हुए शासकीय आई.टी.आई. कॉलेज में पूर्ण होगी जहाँ सहभागियों को सम्मानित करने के साथ जिले में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही अग्रणी महिलाओं के द्वारा उनके संघर्ष एवं सफलता की प्रेरणादायक कहानियों को साझा किया जाएगा। रैली की अगुवाई पुलिस अधीक्षक किरणलता केरकेट्टा के द्वारा की जाएगी साथ में आर्थिक सामाजिक एवं विभिन्न कार्यक्षेत्रों में अग्रणी महिलाएँ आपके साथ शामिल होंगी। श्रीमती शर्मा ने विभिन्न क्षेत्र में कार्य कर रही अग्रणी महिलाओं, कॉलेज की छात्राओं से अपील की है कि वे इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर समाज की विचारधारा में सकारात्मक परिवर्तन लाने के इस अभियान में सहयोग करें।