कोतमा। सामाजिक दूरी (2 ग्राहकों के बीच न्यूनतम 2 गज की दूरी) सुनिश्चित न करने पर एसडीएम कोतमा अमन मिश्रा ने सचिन ट्रेडर्स, चंद्रलोक वस्त्रालय एवं एक आटा चक्की दुकान को 3 दिवस के लिए सील कर दिया है। उल्लेखनीय है कि प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुसार एकल स्थायी दुकानो को सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने की शर्त पर निर्धारित समय-सीमा में संचालन की अनुमति है। उक्त शर्तों में सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने हेतु सम्बंधित दुकानदारों को आवश्यक व्यवस्थाएँ-चूने से निशान लगाना, विक्रय के समय अपना चेहरा (नाक एवं मुँह) ढँककर रखना अनिवार्य है। साथ ही अपनी दुकान में एक समय में 5 से ज्यादा लोगों एकत्रित न हो, इस हेतु ग्राहकों को प्रेरित करते रहना एवं आवश्यक व्यवस्थाएँ करना शामिल हैं।