अनूपपुर

मध्यप्रदेश विकास के नित नए सोपान कर रहा स्थापित – खाद्य मंत्री श्री सिंह

म0प्र0 स्थापना दिवस समारोह गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न

स्थापना दिवस कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री सिंह ने ध्वजारोहण कर ली सलामी

अनूपपुर। जिला मुख्यालय अनूपपुर में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम शा. उत्कृष्ट उ0मा0वि0 अनूपपुर के प्रांगण में गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने ध्वजारोहण कर सलामी ली। कार्यक्रम में सशस्त्र पुलिस बल ने सलामी दी। इस अवसर पर राष्ट्रगान, म0प्र0 गान एवं राष्ट्रगीत की प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह, कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, पुलिस अधीक्षक श्री अखिल पटेल, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर, नगरपालिका अनूपपुर की अध्यक्ष श्रीमती अंजुलिका सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती सोनाली तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, एसडीएम श्री कमलेश पुरी, एसडीओपी सुश्री कीर्ति बघेल, तहसीलदार श्री भागीरथी लहरे सहित प्रतिष्ठित नागरिक, व्यापारी, बुद्धिजीवी, शिक्षक, विद्यार्थी, पुलिस के जवान, प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार, विभिन्न विभागों के शासकीय सेवक आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन पीआरओ श्री अमित श्रीवास्तव एवं प्राचार्य श्रीमती लतिका श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा मध्यप्रदेश समृद्धशाली प्रदेश है। मध्यप्रदेश पर्वत श्रृंखलाओं से आच्छादित है। मध्यप्रदेश की ही नही बल्कि भारत की जीवन रेखा माँ नर्मदा नदी का अनूपपुर जिले में उद्गम है। खनिज सम्पदा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश समृद्ध प्रदेश है। यहाँ बड़े बांध, कलकारखाने हैं। मध्यप्रदेश की सरकार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लगातार इस प्रदेश को उन्नति के पथ पर अग्रसर करने हेतु प्रयत्नशील है। प्रदेश में आवागमन के मार्ग बनने से प्रगति के मार्ग खुल गए हैं। मध्यप्रदेश की सरकार किसानों की समृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है। कृषि के लिए सिंचाई की सुविधाओं का विस्तार किया गया है। खाद्य मंत्री ने कहा कि अनूपपुर जिले का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को बनाने में महान पुरुषों व हमारे पूर्वजों का बड़ा योगदान रहा है। मध्यप्रदेश विकास के नए सोपान तय करते हुए कई राज्यों में अग्रणी है। आँगनबाड़ी, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा के लिए सरकार द्वारा सुविधाओं का विस्तारीकरण किया गया है। आर्थिक मदद भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार समाज के सर्वहारा वर्ग के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। बड़ी संख्या में शासकीय योजनाओं के तहत हित संवर्धन के कार्य किए गए हैं। उन्होंने शासकीय सेवकों के सहयोग तथा नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश नित नए आयाम स्‍थापित करते हुए प्रगति के नए सोपान स्थापित कर रहा है। उन्होंने नागरिकों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। राष्ट्रगीत ‘‘वंदेमातरम’’ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button