अनूपपुर

अमरकंटक नर्मदा महोत्सव की तैयारियों के सम्बंध में नोडल अधिकारियों की बैठक सम्पन्न

नर्मदा जयंती के अवसर पर 3 दिवसीय महोत्सव

अनूपपुर। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर की अध्यक्षता में बुधवार 11 दिसंबर कलेक्ट्रैट सभागार में नर्मदा जयंती के अवसर पर 3 दिवसीय अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के आयोजन हेतु नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर द्वारा व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से महोत्सव के आयोजन हेतु विभिन्न दायित्वों के लिए नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि अमरकंटक नर्मदा महोत्सव का आयोजन 31 जनवरी से 2 फरवरी के मध्य आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री ठाकुर ने बताया कि आयोजन हेतु नर्मदा मंदिर ट्रस्ट सहित जनप्रतिनिधियों, क्षेत्र के उद्योगपतियों, विभागीय अधिकारियों, समाजसेवियों एवं आम जनो के सहयोग से अब तक 81 लाख की राशि एकत्रित हो चुकी है। महोत्सव के आयोजन हेतु अमरकंटक नर्मदा महोत्सव समिति नोडल रहेगी जिसमें जिला प्रशासन द्वारा सक्रिय सहयोग प्रदान किया जाएगा। आपने अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के सफल आयोजन हेतु समाज सेवियों प्रबुद्ध जनो से सहयोग प्रदान करने की अपील है। महोत्सव हेतु एक पृथक खाता खोला गया है समस्त सहयोग राशि इसी खाते में जमा की जाएगी एवं इसी खाते से आयोजन सम्बंधी व्यय हेतु राशि का आहरण किया जाएगा। सभी इच्छुक सम्मानीय जन अपनी सहयोग राशि अमरकंटक नर्मदा महोत्सव हेतु बनाए गए विशेष खाते में जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त सहयोग राशि अथवा चेक कार्यालयीन समय में कलेक्टर कार्यालय अनूपपुर, अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय पुष्पराजगढ़ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी कार्यालय अमरकंटक में जमा की जा सकती है।
अमरकंटक क्षेत्र प्रकृति द्वारा प्रदत्त विविधताओं एवं विशेषताओं से परिपूर्ण है जो पर्यटकों को आकर्षित करने में सक्षम है। इन विशेषताओं को जन जन तक पहुँचा क्षेत्र को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित कर स्थानीय जनजाति समुदाय के लोगों हेतु रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की मंशा है। कलेक्टर ने बताया कि इस दौरान राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों के साथ स्थानीय लोक कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे साथ ही एडवेंचर पर्यटकों हेतु ट्रेकिंग साइक्लिंग आदि गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। नर्मदा जयंती 01 जनवरी का आयोजन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर आधारित होगा इस दिवस समस्त आयोजन नारीशक्ति के वंदन एवं पर आधारित होंगे। बैठक में पुलिस अधीक्षक किरणलता केरकेट्टा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सरोधन सिंह, एडीएम बीडी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन समेत सम्बंधित नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button