अनूपपुर

सतत रूप से प्रयास से निश्चित रूप से सफलता प्राप्त होती है-संभागायुक्त

संभागायुक्त ने बच्चों को पढ़ाया अंग्रेजी का पाठ

अनूपपुर। सतत रूप से सही दिशा में पूरे मनोयोग से प्रयास करने से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। कोई भी विषय कठिन नही होता उसे समझने के लिए सोच का विकसित होना आवश्यक है। समझकर पढ़ी हुई चीजें लम्बे समय तक याद रहती हैं एवं विद्यार्थी उनका प्रयोग परीक्षा के साथ साथ आम जीवन व्यवहार एवं क्रियाकलापों में आसानी से कर पाते हैं। आयुक्त शहडोल संभाग आर.बी.प्रजापति गुरूवार को एकलव्य आवासीय विद्यालय में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान बच्चों को समझाइश दे रहे थे। इस दौरान प्रजापति द्वारा छात्रों से अंग्रेजी भाषा के प्रश्न पूँछे गए एवं विभिन्न टेन्स, अनुवाद एवं व्याकरण की बारीकियों से छात्रों को अवगत कराया गया। आयुक्त महोदय द्वारा छात्रों में विषय की बेहतर समझ पैदा करने हेतु संचालित स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया गया एवं स्मार्ट क्लास के माध्यम से संचालित किए गए व्याख्यानो की जानकारी ली गयी। इस दौरान श्री प्रजापति के द्वारा स्मार्ट क्लास की उपयोगिता के संदर्भ में जानकारी लेने पर छात्रों ने बताया कि कई बार विषय सम्बंधी समस्याएँ बड़े ही सहज तरीकों एवं प्रयोगों के माध्यम से स्मार्ट क्लास में समझायी जाती हैं जिससे उन्हें अनुभव करके समझना एवं याद रखना बहुत ही सहज हो जाता है।
इस दौरान आयुक्त द्वारा बच्चों को अपने जीवन के संघर्ष के बारे में जानकारी देते हुए आगे चलकर देश की राष्ट्र की एवं समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया गया। आपने छात्रों को विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयन की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया एवं छात्रों का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कोई भी छात्र मेहनत करके सफलता के किसी भी शिखर में पहुँच सकता है। सफलता के मार्ग में आगे बढ़ने का एक मात्र अस्त्र मेहनत एवं लगन है। आपने छात्रों को आगामी वार्षिक परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रोत्साहित किया एवं कहा अभी भी समय बाकी हैं पूरे मनोयोग से प्रयास करें तो निःसंदेह अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। आपने कहा परीक्षा से घबराएँ नही, मेहनत करें एवं पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। इस दौरान प्राचार्य एकलव्य आवासीय विद्यालय केएन ओझा द्वारा अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता की बात कही गयी जिस पर आयुक्त द्वारा सम्बंधित निर्माण विभाग से एस्टीमेट तैयार कर प्रस्ताव भेजने के लिए कहा गया। निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त जनजातीय विकास विवेक पांडेय सहित एकलव्य आवासीय विद्यालय का स्टाफ उपस्थित था।

Related Articles

Back to top button