छत्तीसगढ़

मनेन्द्रगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल, एक स्त्री रोग विशेषज्ञ को तरस रहा अस्पताल,महिलाओं को ईलाज के लिये हो रही परेशानी

मनेन्द्रगढ़। कहने को तो छत्तीसगढ़ में काफी अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं है लेकिन जमीनी स्तर पर रहने वालों को पता है कि क्या हाल है। कोरिया जिला का मनेन्द्रगढ़ भी इससे अछूता नही। काफी संघर्ष और धरना प्रदर्शन के बाद एक स्त्री रोग विशेषज्ञ की पदस्थापना हुई लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद फिर वही हाल हो गया। मनेन्द्रगढ़ की जनता ने फिर जब इस संबंध में आवाज उठाई तो डीएमएफ मद से एक महिला चिकित्सक को नियुक्त किया गया लेकिन उनकी भी सेवा अवधि समाप्त होने के बाद आज भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेन्द्रगढ़ में स्त्री रोग विशेषज्ञ महिला चिकित्सक का पद रिक्त पड़ा हुआ है। हजारों महिलाएं मनेंद्रगढ़ में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की पोस्टिंग चाहती हैं। क्षेत्र के सजग नागरिक और अधिवक्ता अभिषेक सिंह ने एक बयान जारी कर बताया की मनेंद्रगढ़ के नागरिक महिला सशक्तीकरण में विश्वास करते हैं और कई बार हमें नेतृत्व करने के लिए महिलाओं को चुना है। लेकिन यह आश्चर्य की बात है कि हमारे शहर कि हजारों महिलाओं के लिए सरकारी अस्पताल में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं है। आजादी के 73 साल बाद भी तहसील मनेन्द्रगढ़ में संसाधनों से युक्त अस्पताल नहीं है, पिछली बार आम नागरिक मंच को एक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की पोस्टिंग के लिए चालीस दिन तक धरने पर बैठना पड़ा था। अपने शहर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का केंद्र रहा है। हर कोई कोयला और स्वास्थ्य के कैबिनेट मंत्री को पत्र लिखने का दावा करता है, लेकिन ऐसा लगता है कि बड़ी- बड़ी चीजों के बारे में बात करते – करते हम शहर के सरकारी अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की कमी जैसी छोटी बात को भूल गए हैं। जब मनेंद्रगढ़ के नागरिक मेडिकल कॉलेज के लिए अपनी मांग करने लगेए तो कलेक्टर महोदय बैकुंठपुर से जमीन के निरीक्षण के लिए मनेंद्रगढ़ पहुंचे। स्थानीय स्तर सहित राज्य स्तर का नेतृत्व ब्रिगेड निरीक्षण प्रक्रिया का गवाह बन गया। हम सभी जानते हैं कि मेडिकल कॉलेज एक दूर का सपना बन गया है। इसे स्थापित होने में समय लगेगा। आइए राखी के अवसर पर मनेन्द्रगढ़ में रहनेवाली हजारों महिलाओं के लिए पहल करें और उनके लिए बुनियादी चिकित्सा स्वास्थ्य सुविधा की मांग करें। हमारे शहर के नेताओं को कलेक्टर से अनुरोध करना चाहिए कि वे मनेंद्रगढ़ में एक स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की नियुक्ति करें ।हम नागरिकए प्रशासन और हमारे स्थानीय नेताओं से अनुरोध करते हैं कि वे हमारी बुनियादी जरूरतों की देखभाल के लिए सरकार से अनुरोध करें।

Related Articles

Back to top button