जन सहयोग एवं पूर्ण समर्पण का विधायक पुष्पराजगढ़ ने किया आह्वान
समस्त आगंतुकों का गर्मजोशी से होगा स्वागत- कलेक्टर

रिपोर्टर@देवानंद विश्वकर्मा
युद्धस्तर पर अमरकंटक नर्मदा महोत्सव की तैयारियाँ चालू
अनूपपुर। माँ नर्मदा की पवित्र उद्गम स्थली अमरकंटक में इस बार नर्मदा जयंती पूर्ण भव्यता से मनायी जाएगी। इस वर्ष माँ नर्मदा जयंती पर 31 जनवरी से 2 फरवरी 2020 अमरकंटक नर्मदा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पारम्परिक कार्यक्रम के साथ महोत्सव में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकारों के साथ स्थानीय जनजातीय समूहों के द्वारा मनोरंजक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएगी। महोत्सव की तैयारियों हेतु जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर प्रयास प्रारम्भ कर दिया है। अमरकंटक में महोत्सव की तैयारियों हेतु विधायक पुष्पराजगढ़ फुँदेलाल सिंह मार्को एवं कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अमरकंटक क्षेत्र के सौंदर्यिकरण, साफ सफाई, आगंतुकों हेतु वाहन व्यवस्था, आवास व्यवस्था, पेयजल आदि विषयों पर मंथन कर संबंधितों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
अपने दायित्वो को सच्चे मन से निभाएं
विधायक पुष्पराजगढ़ फुँदेलाल सिंह मार्को ने बताया महोत्सव का आयोजन अमरकंटक क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। महोत्सव की सफलता के लिए आवश्यक है कि सभी जन सौंपें गए दायित्वों को पूर्ण समर्पण एवं सच्चे मन से निभाएँ। यह महोत्सव क्षेत्र में नए रोजगारों का सृजन करेगा तथा क्षेत्र की यहाँ के निवासियों की प्रगति में सहायक होगा।
पर्यटको गर्मजोशी के साथ करे स्वागत
कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने महोत्सव के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन पर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में विशिष्ट अतिथियों के साथ प्रदेश एवं देश के विभिन्न भागो से पर्यटकों का आगमन होगा। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने जिले के समस्त निवासियों से अपील की है कि पर्यटकों का अतिथि देवो भवः की परम्परा पर पूरी गर्मजोशी से स्वागत करें।
कलेक्टर ने विभिन्न स्थानों का किया भ्रमण
इस दौरान कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, विधायक पुष्पराजगढ़ फुँदेलाल सिंह मार्को ने नर्मदा मंदिर, कुंड, स्नान घाट, रामघाट, सर्किट हाउस ग्राउंड एवं शहरी क्षेत्र का भ्रमण किया तथा सम्बंधित अधिकारियों को सौंदर्यिकरण एवं सुधार कार्य हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं। आपने कहा आवश्यक है कि हर सुविधा का महोत्सव के दौरान प्रत्याशित आगमन को दृष्टिगत रखते हुए प्रबंधन किया जाए। यह भी आवश्यक है कि सुधार कार्य इस तरीके से किए जाएँ कि उनका भविष्य में प्रयोग किया जा सके। आपने कहा महोत्सव के आयोजन में सौंपें गए दायित्वों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और उदासीनता को बर्दाश्त नही किया जाएगा। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर बीडी सिंह समेत सम्बंधित विभागों के अधिकारी एवं नगरपालिका अमरकंटक के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
बेटी बचाओं, बेेटी पढ़ाओं थीम का होगा आयोजन
अमरकंटक नर्मदा महोत्सव के दौरान विख्यात पाश्र्व गायक कैलाश खेर 2 फरवरी को सांस्कृतिक संध्या में आगंतुकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। नर्मदा जयंती 1 फरवरी के समस्त आयोजन बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ थीम पर आयोजित होंगे। इस दिन समस्त कार्यक्रम नारी शक्ति पर आधारित होंगे दोपहर को 2100 कन्याओं का सामूहिक कन्या भोज तथा शाम को बहुचर्चित गायिका मैथिली ठाकुर द्वारा संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।
108 कुंड में हवन कार्यक्रम का आयोजन
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः मैकल पार्क में सामूहिक योगाभ्यास एवं यहाँ के मनोरम प्राकृतिक क्षेत्रों में प्रकृति प्रेमियों के लिए ट्रेकिंग गतिविधि का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन शाम रामघाट में संगीतमय महाआरती का आयोजन किया जाएगा। समस्त आयोजन के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा जनजातीय कला संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा। 2 फरवरी के दिन क्षेत्र की सुख समृद्धि एवं खुशहाली हेतु 108 कुंड हवन का आयोजन किया जाएगा।